
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले राज्य आंदोलनकारियों को चिकित्सा उपचार में विशेष रियायत देने की मांग को लेकर राज्य निर्माण आंदोलनकारी सम्मान परिषद के उपाध्यक्ष सुभाष बड़थ्वाल ने स्वामी राम हिमालयन अस्पताल, जॉलीग्रांट के अध्यक्ष विजय धस्माना को ज्ञापन सौंपा। राज्यमंत्री सुभाष बड़थ्वाल ने कहा कि राज्य निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले राज्य आंदोलनकारी वृद्धावस्था में विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे में उन्हें बेहतर उपचार और स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ आर्थिक राहत की भी आवश्यकता है। ज्ञापन में कहा गया कि स्वामी राम हिमालयन अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले राज्य आंदोलनकारियों को चिकित्सा उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाओं में विशेष रियायत प्रदान की जाए, ताकि उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें और उपचार का आर्थिक भार कम हो। डोईवाला नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके स्वास्थ्य और सम्मान को ध्यान में रखते हुए अस्पताल प्रबंधन को इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।











