डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। लच्छीवाला वन रेंज की दुल्हनी बीट अंतर्गत लक्ष्मण सिद्ध वन मोटर मार्ग पर स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत विशेष स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान में आर्मी स्कूल, केंद्रीय विद्यालय एवं माय भारत वॉलंटियर्स के छात्र-छात्राओं एवं स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अभियान के दौरान वन मोटर मार्ग के दोनों ओर फैले प्लास्टिक, पॉलीथीन एवं अन्य कूड़ा-कचरे को एकत्रित कर उसके उचित निस्तारण के लिए भेजा गया। वन क्षेत्राधिकारी मेधावी कीर्ति ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वन क्षेत्र को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाए रखना तथा आमजन में पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस कार्यक्रम को क्षेत्र के बीट अधिकारी रजत द्वारा लीड किया गया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह एवं जिम्मेदारी के साथ अभियान में भाग लेते हुए स्वच्छ वन, सुरक्षित वन्यजीव, स्वस्थ पर्यावरण का संदेश दिया। स्वयंसेवकों ने कहा कि वन एवं प्राकृतिक धरोहरों का संरक्षण प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है तथा स्वच्छता के माध्यम से ही स्वस्थ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।











