डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना) अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप 2026 को लेकर शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज, डोईवाला में जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को स्कॉलरशिप की पात्रता, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी गई। फाउंडेशन के प्रतिनिधि अमरीश बिष्ट और चंद्रकला ने विद्यार्थियों को अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप 2026 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन आवेदन करते समय बरती जाने वाली सावधानियों और महत्वपूर्ण बिंदुओं को सरल भाषा में समझाया। इस दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्कॉलरशिप से संबंधित अपनी शंकाओं और सवालों के जवाब प्राप्त किए। विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए उपलब्ध इस अवसर का लाभ उठाने और समय पर ऑनलाइन आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। बताया गया कि पिछले वर्ष कॉलेज की 84 छात्राओं को इस स्कॉलरशिप का लाभ मिला था। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप 2026 के प्रति जागरूक करना और उन्हें आवेदन प्रक्रिया की सही जानकारी उपलब्ध कराना था। इस अवसर पर डॉ. अंजली वर्मा, डॉ. रीना, अंशुल देवरानी, ईशा नेगी आदि मौजूद रहे।











