आज दिनांक 24 अगस्त 2024 को समय दोपहर 12 बजे से पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सचिव कार्मिक श्री शैलेश बगौली जी की अध्यक्षता में आहूत उक्त बैठक का आयोजन हुआ, जिसमें संगठन के अध्यक्ष डॉ० लक्ष्मण रौतेला और महामंत्री प्रशांत मेहता द्वारा संगठन का पक्ष प्रभावी तरीके से रखा गया। सचिव महोदय ने संगठनों से पृथक पृथक रूप से वार्ता की। बैठक में अपर सचिव, उच्च शिक्षा मनुज गोयल, अपर सचिव वित्त, गंगा प्रसाद, अपर सचिव कार्मिक गिरधारी सिंह रावत, अपर सचिव कृषि सहित कई विभागों के उच्च अधिकारी, विभिन्न विभागों के अनुभाग अधिकारी सहित आयुर्वेद, तकनीकी और संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलसचिव भी उपस्थित रहें।
बैठक में संगठन ने प्रभावी तरीके से विश्वविद्यालयों में रिक्त पदों में लंबे समय से नियुक्ति न होने के प्रकरण को उठाया जिस पर प्रत्येक विश्वविद्यालय की स्थिती पर चर्चा के उपरांत सचिव कार्मिक द्वारा सभी विभागों को रिक्त पदों पर एक माह के भीतर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ का निर्देश दिया है। इसी क्रम में उच्च शिक्षा में आगामी सप्ताह में सभी विश्वविद्यालयों के कुलसचिवों की बैठक आहूत होनी प्रस्तावित है।
संगठन द्वारा पंतनगर विश्वविद्यालय के लैब सहायकों के 2400 ग्रेड वेतन पर प्रमुखता से पक्ष रखा गया और केंद्र, राजकीय विभागों के साथ ही अन्य विश्वविद्यालय की स्थिती का उदाहरण देते हुए इसका समाधान करने का अनुरोध किया गया, इस हेतु अपर सचिव कृषि ने भी पूरा समर्थन दिया व जिस पर सचिव महोदय ने अपर सचिव वित्त को प्रकरण निस्तारित करने का निर्देश दिया है।
संस्कृत विश्वविद्यालय के प्रस्ताव पर भी संगठन ने मजबूत पैरवी की और इतने लंबे समय से लंबित प्रकरण के निस्तारण की मांग की, इसी क्रम में संगठन की मांग पर कुलसचिव, संस्कृत विश्वविद्यालय ने बैठक में विस्तार से मामला प्रस्तुत किया तथा उक्त प्रकरण पर सचिव महोदय ने कार्मिक विभाग के अपने अधीनस्थों को विचार करने का निर्देश दिया।











