हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट।
थराली/देवाल।
मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा में विकासखंड देवाल के अंतर्गत राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज वांण के 13 विद्यार्थियों का चयन छात्रवृत्ति के लिए हुआ है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय में खुशी का माहौल है। विद्यालय परिवार की ओर से चयनित विद्यार्थियों को फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
राइका वांण के कक्षा 6 के हर्षित, मनोज, देवेंद्र, दिगंबर, हेमलता, सृष्टि, प्रियंका और चांदनी, कक्षा 9 के दिनेश, हिमांशु, पंकज, मनीष और मीना का मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति के लिए चयन हुआ है। इस कालेज के 13 विद्यार्थियों का छात्रवृत्ति के लिए चयन होने पर कालेज प्रशासन के साथ ही वांण एवं आसपास के ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त की हैं। कालेज में सफल विद्यार्थियों के लिए कालेज के प्रधानाचार्य हरिश्चंद्र की अध्यक्षता में एक स्वागत समारोह आयोजित किया गया जिसमें सफल विद्यार्थियों का फूल मालाएं पहनाकर कर स्वागत करते हुए भविष्य में भी इसी तरह से कड़ी मेहनत करने की वक्ताओं ने अपील की गई।
उल्लेखनीय हैं कि मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा पूरे प्रदेश में इसी वर्ष 7 जुलाई को आयोजित की गई थी। परीक्षा में विद्यार्थियों की शैक्षिक दक्षता एवं प्रतिभा का आकलन किया गया। परीक्षा में सम्मिलित विद्यार्थियों में से 10 प्रतिशत विद्यार्थियों का चयन छात्रवृत्ति के लिए किया जाता है। विकासखंड देवाल के अंतर्गत वांण सहित अन्य स्कूल, कालेजों के कुल 59 विद्यार्थियों का छात्रवृत्ति के लिए चयन हुआ हैं।इनमें कक्षा 6 के 29 तथा कक्षा 9 के 30 विद्यार्थी शामिल हैं।
परिणाम घोषित होने एवं एक साथ विकासखंड के 59 विद्यार्थियों के सफल होने पर देवाल के क्षेत्र प्रमुख तेजपाल रावत,
देवाल के खंड शिक्षा अधिकारी योगेंद्र सेमवाल, जिला पंचायत सदस्य उर्मिला बिष्ट, बलवीर राम,वांण की ग्राम प्रधान नंदुली बिष्ट आदि ने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि इस सफलता के पीछे शिक्षकों का एक बड़ा योगदान रहा है।











