डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। भानियावाला स्थित माउंट लिट्रा जी स्कूल में आयोजित इंटर स्टेट कराटे चैंपियनशिप में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश की विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने काता पैटर्न और कुमेते फाइट में दमदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में वत्स मार्शल आर्ट मेरठ की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। मेजबान माउंट लिट्रा जी स्कूल की टीम दूसरे और विष्णु मार्शल आर्ट आगरा की टीम तीसरे स्थान पर रही। मेयर सौरभ थपलियाल ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से स्कूली बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
विद्यालय की एमडी समीक्षा वर्मा ने कहा कि क्षेत्र के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है। ऐसे आयोजनों से उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच मिलता है। उत्तराखंड केकेआई इंटरनेशनल के सचिव विवेक कुमार सागर ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों को मंच प्रदान करना, उनकी प्रतिभा को निखारना और देश के लिए बेहतर खिलाड़ी तैयार करना है।
वही, काता पैटर्न में आराध्य गुप्ता, मिष्ठी, अवनि, शिवम और शिवांश ने स्वर्ण पदक जीते, जबकि प्रतिभा और आदित्य रावत ने रजत पदक हासिल किए। वहीं, कुमेते फाइट में अंशिका, आरव, अंकुश, आदित्य बिष्ट और गुरिन ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए, जबकि आदित्य रावत को रजत पदक मिला।
प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को मेडल व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, सभासद रविंद्र बेलवाल, कांग्रेस नेता सुनील प्रधान, विद्यालय के चेयरमैन डॉ. पूरण सिंह वर्मा, अनंत वर्मा, कपिल देव, विवेक कुमार आदि मौजूद रहे














