डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। जौलीग्रांट चौकी क्षेत्र के अंतर्गत भानियावाला तिराहे के पास बृहस्पतिवार को बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने गोवंश से भरा वाहन पकड़ लिया। वाहन में चार गोवंश बंधे हुए थे। कार्यकर्ताओं ने वाहन को पुलिस के सुपुर्द कर दिया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। कार्यकर्ताओं के अनुसार, पिछले कई दिनों से क्षेत्र में गोवंश को वाहनों में भरकर तस्करी किए जाने की सूचना मिल रही थी। देर रात एयरपोर्ट तिराहे के पास से गोवंश को वाहन में ले जाने की सूचना मिलने पर कार्यकर्ताओं ने वाहन का पीछा किया। भानियावाला तिराहे के पास चालक वाहन छोड़कर भाग गया। वाहन की जांच करने पर उसमें चार गोवंश बुरी तरह बंधे मिले। कार्यकर्ताओं ने गोवंश को वाहन से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद वाहन पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने जौलीग्रांट चौकी के समीप गुर्जर बस्ती में रहने वाले कुछ लोगों पर गोवंश तस्करी में शामिल होने का आरोप लगाया है। बजरंग दल के अमित सिंह और राहुल राजपूत ने लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। इस दौरान दीपक कपरवान, निहाल सिंह, सूरज यादव, आदि चौधरी, विक्रम सिंह आदि मौजूद रहे।











