डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। एलपीजी गैस कनेक्शन धारकों के लिए ई-केवाईसी कराना जरूरी हो गया है। ई-केवाईसी पूरी करने की अंतिम तिथि 16 अगस्त बताई जा रही है। निर्धारित समय सीमा तक केवाईसी नहीं कराने पर उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलिंडर की बुकिंग में परेशानी हो सकती है।
इसे लेकर गैस एजेंसियों की ओर से उपभोक्ताओं के सत्यापन की प्रक्रिया तेजी से की जा रही है। जानकारी के अनुसार, डोईवाला इंडियन गैस एजेंसी के करीब 3,000 कनेक्शन धारकों की ई-केवाईसी अभी बाकी है। केवाईसी के दौरान उपभोक्ताओं का बायोमेट्रिक सत्यापन आंखों की स्कैनिंग के माध्यम से किया जा रहा है।
गैस एजेंसी के प्रबंधक राजेंद्र ने बताया कि सभी कनेक्शन धारकों को 16 अगस्त तक अनिवार्य रूप से ई-केवाईसी पूरी करानी होगी। उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा को देखते हुए 15 अगस्त को भी एजेंसी के कर्मचारी कार्य करेंगे। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर ई-केवाईसी कराने की अपील की है।
वहीं, रानीपोखरी इंडियन गैस एजेंसी में करीब 1,100 उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी होना बाकी है। एजेंसी के प्रबंधक जगदीश टम्टा ने बताया कि उपभोक्ता घर बैठे इंडियन ऑयल वन ऐप के माध्यम से भी ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। साथ ही, उपभोक्ता अपने इंडेन वितरक के पास जाकर भी ई-केवाईसी करा सकते हैं। ई-केवाईसी प्रक्रिया का उद्देश्य फर्जी, निष्क्रिय और मृत कनेक्शन धारकों की पहचान करना है।











