पिथौरागढ, 20 अक्टूबर 2026।
सीमांत जिले पिथौरागढ स्थित विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में पृथ्वीकुल जापानी स्कूल के सहयोग से आयोजित एक सप्ताह का विशेष सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम भव्यता के साथ संपन्न हो गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं व विद्यार्थियों को जापानी भाषा, संस्कृति, वेशभूषा, रहन-सहन और खेलकूद से जोड़ना है, जिससे दोनों क्षेत्रों के बीच सांस्कृतिक समझ मजबूत हो और सीमांत क्षेत्र के युवाओं को जापान में नौकरी व रोजगार के नए अवसर प्राप्त हो सकें।
‘प्लैनेटस्कूल नर शौर्य कॉन्क्लेव’ और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
समापन दिवस पर विद्यालय में ‘प्लैनेटस्कूल नर शौर्य कॉन्क्लेव’ का आयोजन किया गया। साहस, अनुशासन, चरित्र और नारी शक्ति को समर्पित इस कार्यक्रम में जापान की प्रसिद्ध सूमो कुश्ती और भारत की पारंपरिक युद्धकला के साथ-साथ सुप्रसिद्ध रामलीला का मंचन किया गया। इसके अलावा बोधिधर्म व दारुमा पर आधारित नाट्य प्रस्तुति और बौद्ध धर्म के महत्व पर केंद्रित लघु नाटिका का विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने जिम्नास्टिक और शतरंज में भी अपना कौशल दिखाया।
एआई और तकनीक से युवाओं को जोड़ने की पहल
कार्यक्रम के दौरान शताभिषा एआई (AI) परियोजनाओं और छात्र नवाचार गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। भाषा अध्ययन और साझा अनुसंधान के माध्यम से पिथौरागढ़ को भारत व जापान की मित्रता के एक संभावित केंद्र के रूप में प्रस्तुत किया गया। विद्या भारती के तहत यह पहल अन्य जरूरतमंद विद्यालयों में भी लागू की जाएगी।
मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों का संबोधन
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नन्ही परी सीमांत इंजीनियरिंग कॉलेज पिथौरागढ़ के निदेशक अजीत सिंह ने शिरकत की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर निगम पिथौरागढ़ की मेयर कल्पना देवलाल उपस्थित रहीं। अतिथियों ने भारत और जापान के बीच इस शैक्षणिक व सांस्कृतिक संगम को युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और समाज के व्यापक हित में एक ऐतिहासिक कदम बताया।
गणमान्य महानुभावों की गरिमामय उपस्थिति
आयोजन में पूर्व एनएसडी कमांडो ललित भाटिया, विद्यालय के प्रधानाचार्य धीरेंद्र कुमार रावत, के.एस. भाटिया, त्रिलोक सिंह, संभाग निरीक्षक राजेंद्र चंद, पूर्व नेशनल बॉक्सर मान सिंह खोलिया, ध्रुव सिंह रावत, सचिन हुंडई के संचालक/मैनेजर सौरभ भसीन, उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के जिलाध्यक्ष प्रदीप सेक्रियाल, मनरेगा लोकपाल जगदीश कॉलोनी और कमल खर्कवाल सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक, शिक्षक, पूर्व सैनिक व अभिभावक मौजूद रहे।














