डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सोडा सरोली और सिरवालगढ़ क्षेत्र में लगातार हो रही हाथियों की आवाजाही से ग्रामीणों में भय का माहौल है। जंगली हाथी फसलों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। गुरुवार को ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। कांग्रेस नेता अश्विनी बहुगुणा ने बताया कि ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए वन विभाग के अधिकारियों से आवश्यक चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए जरूरी कार्यों में अब और देरी नहीं होनी चाहिए। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। निरीक्षण के दौरान वन विभाग के अधिकारियों ने रास्तों के आसपास झाड़ियों की तत्काल कटाई करने तथा हाथियों के आवागमन वाले मार्गों पर फेंसिंग लाइन लगाने का आश्वासन दिया।











