डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। लालतप्पड़ चौकी क्षेत्र के शेरगढ़ के समीप सड़क किनारे परेशान हालत में खड़ी एक युवती पर ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल की नजर पड़ी। उन्होंने तत्काल अपना वाहन रुकवाया और युवती से बातचीत कर उसकी परेशानी के बारे में जानकारी ली। पूछताछ में युवती की पहचान प्रयागराज निवासी खुशबू के रूप में हुई। उसने बताया कि वह पारिवारिक विवाद के चलते परेशान है। युवती की स्थिति को देखते हुए विधायक ने तत्काल डोईवाला कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक को फोन कर मामले की जानकारी दी और लालतप्पड़ पुलिस चौकी से पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजने को कहा। पुलिसकर्मियों के पहुंचने तक ऋषिकेश विधायक ने युवती से बातचीत कर उसे समझाया और शांत रहने की सलाह दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती से पूरे मामले की जानकारी ली। विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने पुलिसकर्मियों से प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने और पारिवारिक विवाद का उचित समाधान कराने को कहा। उन्होंने कहा कि संकट या परेशानी की स्थिति में किसी भी व्यक्ति को अकेला नहीं छोड़ना चाहिए। विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से युवती की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। पुलिसकर्मियों ने युवती को मामले को नियमानुसार सुनने और पारिवारिक विवाद के उचित समाधान का प्रयास करने का भरोसा दिलाया।











