डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय, जॉलीग्रांट में 26 अक्टूबर से 01 नवंबर 2026 तक आयोजित युवा आपदा मित्रों का एक सप्ताह का बुनियादी आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम रविवार को संपन्न हो गया। सेनानायक एसडीआरएफ के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 46 युवा आपदा मित्रों ने प्रतिभाग किया, जिनमें 39 पुरुष और सात महिलाएं शामिल रहीं। प्रशिक्षण के दौरान एसडीआरएफ के प्रशिक्षित कार्मिकों ने प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्यों से जुड़े विभिन्न विषयों पर सैद्धांतिक और व्यावहारिक जानकारी दी। उन्हें आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया, प्राथमिक उपचार, खोज एवं बचाव तकनीकों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित तरीके से राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक एवं सक्षम बनाना तथा अपने क्षेत्रों में आपदा की स्थिति में प्राथमिक स्तर पर त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयार करना रहा। इस दौरान आपदा प्रबंधन में जनसहभागिता बढ़ाने और स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षित कर आपदा के समय प्रभावी सहयोगी के रूप में तैयार करने पर जोर दिया गया। एसडीआरएफ की ओर से बताया गया कि भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से सामुदायिक आपदा प्रबंधन क्षमता को मजबूत करने के प्रयास जारी रहेंगे।














