डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। जौलीग्रांट अस्पताल में ऑनलाइन चेकअप बुकिंग कराने के नाम पर एक व्यक्ति से 1 लाख 28 हजार 900 रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित किशोर चंद्र निवासी बौराड़ी अठुरवाला, भानियावाला ने कोतवाली में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि 16 अक्टूबर को वह स्वास्थ्य जांच के लिए जौलीग्रांट अस्पताल में ऑनलाइन बुकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सेराजुल खान नाम के व्यक्ति का फोन आया। उसने अस्पताल का लिंक भेजने की बात कहकर पीड़ित से पिन नंबर, आधार नंबर और पता मांगा। पीड़ित के अनुसार, जानकारी साझा करने के बाद 21 अक्टूबर को अस्पताल से चेकअप कर लौटने पर उन्हें बैंक खातों से रकम निकाले जाने की जानकारी मिली। पीड़ित के उत्तराखंड ग्रामीण बैंक खाते से 94 हजार रुपये और एचडीएफसी बैंक खाते से 34 हजार 900 रुपये निकाल लिए गए।














