डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। डोईवाला और आसपास के क्षेत्रों में चोरी व नकबजनी की घटनाओं में संलिप्त चार आरोपितों के खिलाफ पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की है। पुलिस दस्तावेज के अनुसार, आरोपित क्रान्तानाथ के खिलाफ डोईवाला, रानीपोखरी, रायपुर और हरिद्वार के ज्वालापुर थाने में चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं कुनाल, अलकेत और नितिन के खिलाफ भी डोईवाला और रानीपोखरी कोतवाली में चोरी व नकबजनी के मुकदमे दर्ज होने का उल्लेख है। प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाई ने बताया कि चारों आरोपित संगठित गिरोह बनाकर देहरादून और हरिद्वार क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं। इनके खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने गैंग चार्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों और जिलाधिकारी कार्यालय से अनुमोदन प्राप्त कर लिया है।














