ज्योतिर्मठ।
सूबे के वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि नंदा देवी दशकीय जैव निगरानी अभियान 2026 के सहभागी बन रहे विभिन्न महकमों के सभी एक्सपर्ट बधाई के पात्र हैं कि उन्हें माँ नंदा के चरणों तक पहुँचने का अवसर मिल रहा है। वन मंत्री ने वन विभाग परिसर ज्योतिर्मठ से 32सदस्यीय एक्सपीडिशन टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
।
आयोजित समारोह को सम्बोधित करते हुए चिकित्सा स्वास्थ्य, संसदीय कार्य व वन मंत्री सुबोध उनियाल ने वैज्ञानिक टीम लीडर डा जी एस रावत की तारीफ करते हुए कहा कि सेवा निवृति के बाद भी प्रकृति संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उजागर हुई है और यह नई पीढ़ी के लिए एक सीख भी है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1982 मे नंदा देवी राष्ट्रीय उद्यान को संरक्षित करने के उद्देश्य से ही गैर सरकारी गतिविधियों पर रोक लगाई गई थी, और इसके सुखद परिणामों की जानकारी के लिए ही हर दस वर्ष मे जैव निगरानी अभियान संचालित किया जाता है।
वन मंत्री ने अभियान के सभी सदस्यों के जज्बे को सेल्यूट करते हुए कहा कि मानव जिज्ञासा ही अविष्कारों को जन्म देती है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को जितना बड़ा खतरा इस समय है उतना पहले कभी नहीं हुआ इसलिए इस प्रकार के अभियान होने जरुरी हैं ताकि हम आने वाली पीढ़ीयों को स्वच्छ पर्यावरण व बेहतर वातावरण दे सके। उन्होंने यह भी कहा कि दस वर्षो के अंतराल मे होने वाले इस प्रकार के अभियान को हर पांच वर्ष मे किए जाने के लिए वे भारत सरकार से भी वार्ता करंगे।
इससे पूर्व उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक ली,, इस दौरान भाजपा नगर अध्यक्ष अमित सती एवं अन्य जन प्रतिनिधियों ने जोशीमठ सीएचसी का उच्चीकरण करते हुए प्रस्तावित चिन्हित स्थान पर यथा शीघ्र निर्माण कराने का आग्रह किया। नगर अध्यक्ष ने औली मोटर मार्ग के सुनील से गौँख तक प्रस्तावित हल्का वाहन मार्ग निर्माण की स्वीकृति दिलाने का भी आग्रह किया। बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने उप जिला चिकित्सालय की स्वीकृति सहित डुमक-रुद्रनाथ ट्रैक मार्ग निर्माण का आग्रह किया।
वन मंत्री को ज्ञापन देने वालों मे सरपंच संगठन जोशीमठ के पदाधिकारी, पूर्व प्रधान लक्ष्मण सिंह बुटोला, युवा नेता वैभव सकलानी आदि प्रमुख थे।
जैव निगरानी अभियान 2026के फ्लैग ऑफ समारोह मे बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती व नगर अध्यक्ष अमित सती के अलावा उत्तराखंड कर्मकार बोर्ड के सदस्य कृष्णमणि थपलियाल, पर्वतारोहण एवं स्कीइंग संस्थान आईटीबीपी औली के आईजी अखिलेश रावत, बीकेटीसी सदस्य राकेश भण्डारी, पूर्व धर्माधिकारी भुवन चन्द्र उनियाल, सुभाष डिमरी, अनीता पंवार, प्रमुख वन संरक्षक रंजन कुमार मिश्रा, अपर प्रमुख वन संरक्षक डॉ विवेक पाण्डे, निदेशक/वन संरक्षक पंकज कुमार, मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी, सीएमओ एसडीएम चंद्रशेखर बशिष्ठ, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट, डीएफओ नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क अभिमन्यु सिंह सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
समारोह का संचालन रेँज ऑफिसर चेतना कांडपाल ने किया।
वन मंत्री ने दल को रवाना करने से पूर्व माँ काली के मंदिर मे पूजा अर्चना कर अभियान की सफलता की कामना की।
अभियान दल को रवाना करने के उपरांत वन एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री उनियाल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया व भगवान नृसिंह मंदिर मे भी दर्शन पूजन किए।











