
*नंदा यात्रा में लगातार बढ़ रही हैं, यात्रियों की संख्या।*
हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट।
थराली/नंदानगर।
बधाण परगना की श्री नंदादेवी राजराजेश्वरी लोकजात यात्रा सोमवार को 11 वें पड़ाव फल्दियागांव पहुंच गई हैं। जबकि दशोली एवं बण्ड़ परगना की डोलियां एवं विभिन्न क्षेत्रों, गांव से बड़ी जात के लिए साथ चल रही छतोलियां अपने 11 वें पड़ाव कनोल गांव पहुंच गई हैं। पूरे यात्रा मार्ग पर महिलाओं, युवतियों ने अपनी ध्याणी समान कुल देवी नंदा भगवती को अश्रुपूरित विदाई दी। यात्रा के साथ लगातार ही देवी भक्तों की संख्या में इजाफा होता जा रहा हैं।
सोमवार को बधाण की नंदा देवी की उत्सव डोली लोकजात यात्रा के तहत प्रातः 10 वें पड़ाव इच्छोली से कैल, हाट कल्याणी गांव होते हुए 11 वें पड़ाव फल्दियागांव पहुंच गई हैं। इससे पूर्व इच्छोली,कैल एवं हाट कल्याणी में देवी भक्तों ने भव्य रूप से स्वागत करते हुए विधि-विधान के साथ पूजा अर्चना की इस दौरान कई महिलाओं, युवतियों एवं पुरूषों पर नंदादेवी अवतारित हुए जों देर तक नाचते रहें और उन्होंने देवी भक्तों को जौ, चावल दे कर आशीर्वाद दिया। इसके बाद फल्दियागांव पहुंचने पर फल्दियागांव सहित आसपास के गांवों के नंदा भक्तों ने यात्रा का स्वागत किया। फल्दियागांव में देव यात्रा के अवसर पर अठवाड़ कौथिंग का आयोजन किया गया हैं। इसके तहत पूरे देवताओं के नाचने के साथ ही देवी स्तुति की। यहां पर ग्राम प्रधान प्रेम सिंह परिहार,मनोज पाल परिहार सहित अन्य ग्रामीणों ने यात्रा का स्वागत किया।
*परगना दशोली एवं बण्ड़* की डोलियां एवं दशोली,नंदाक के साथ ही अन्य क्षेत्रों से श्री नंदादेवी बड़ी जात यात्रा पर चल रही छतोलियां अपने 10 वें पड़ाव आला से प्रातः काल विदा हुई इस दौरान आला गांव सहित आसपास के गांवों के देवी भक्तों ने देवी डोलियों व छतोलियों की स्तुति कर मनौतियां मांगी यहां पर कई महिलाओं एवं युवतियों पर देवी भगवती अवतारित हुईं। इसके बाद यात्रा जोखना व सितेल गांव पहुंची यहां पर भी देवी भक्तों ने भव्य रूप से यात्रा का स्वागत किया।देर सांय यात्रा अपने 11 वें पड़ाव नंदानगर ब्लाक के कनोल गांव पहुंची, यहां पर कनोल गांव सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने यात्रा का भव्य रूप से स्वागत करते हुए पूजा अर्चना की, यहां पर देवी की विशेष पूजा के लिए एक भव्य कौथिंग का आयोजन किया गया हैं। इस दौरान देव डोलियों के आगे महिलाएं क्लश यात्रा के स्वागत में जुट रहें हैं।मंदिर समिति कुरूड़ के अध्यक्ष सुखबीर सिंह रौतेला एवं बड़ी जात समिति के अध्यक्ष कर्नल हरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि बड़ी जात यात्रा में लगातार यात्रियों की संख्या बढ़ती जा रही हैं। बड़ी जात को लेकर यात्रियों में खास उत्साह बना हुआ हैं।











