हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट।
थराली। गुरुवार की देर सांय से शुरू हुई बारिश के कारण क्षेत्र की तमाम मोटर सड़कों में मलवा, पत्थरों , बोल्डरों के आने एवं पेड़ों के टूटने के कारण क्षेत्र की यातायात व्यवस्था पर विपरीत प्रभाव पड़ा। नंदा देवी राजजात यात्रा राज्य मार्ग संख्या 90 में किमी 8 में लगातार पहाड़ी से पत्थरों के आने एवं किमी 16 में मलवा आने के कारण शुक्रवार को पूरे दिन दोनों स्थानों पर रूक-रूक कर यातायात का संचालन होता रहा। जबकि देवाल -सुयालकोट-खेता मोटर सड़क किमी 16 में पूरे दिन बंद रहा।
लोक निर्माण विभाग थराली के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा एवं सहायक अभियंता जेके टम्टा ने बताया कि गुरुवार की देर सांय से शुरू हुई बारिश के कारण खंड की पांच सड़कें बंद हो गई थी जिनमें से तीन सड़कों को यातायात के लिए खोल दिया गया हैं। राज्य मार्ग संख्या 90 थराली -देवाल-मंदोली-वांण मार्ग किमी 3 राड़ीबगड़, किमी 8 ऊणी, किमी 16 गमलीगाड़, किमी 28 मंदोली के पास अवरूद्ध हो गई थी।इसको जेसीबी मशीनों के जरिए यातायात के लिए खोल दिया गया हैं, किंतु किमी 8 उणी में लगातार पहाड़ी से पत्थरों के गिरने के कारण एवं किमी 16 गमलीगाड़ में दिन भर मलवा आने के कारण सामान्य यातायात पर पूरे दिन प्रभाव पड़ रहा हैं, दोनों ही स्थानों पर जेसीबी मशीनें तैनात की गई हैं। देवाल -सुयालकोट-खेता मोटर सड़क पर भूस्खलन प्रभावित सुयालकोट में लगातार पहाड़ी से पत्थरों के गिरने के कारण समाचार लिखे जाने तक सड़क को यातायात के लिए नही खो जा सका है जेसीबी मशीन पत्थरों के गिरने के कारण काम नही कर पा रही हैं,शेष 3 सड़कों नंदकेशरी-जोला, थराली-जूनीधार व डुंग्री-रतगांव को यातायात के लिए खोल दिया गया हैं।











