डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत ग्रुप) के नवनियुक्त परवादून जिलाध्यक्ष सरदार परमजीत सिंह पम्मा का किसानों ने फूल-मालाएं पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। शुक्रवार को ऋषिकेश रोड स्थित गुरुद्वारा लंगर हॉल में आयोजित कार्यक्रम में भाकियू से जुड़े किसानों ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष परमजीत सिंह को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर आयोजित बैठक में क्षेत्र के किसानों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। किसानों ने विश्वास जताया कि नए जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूती के साथ किसानों की आवाज बुलंद करेगा।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सरदार परमजीत सिंह ने कहा कि वह संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को एकजुट करना तथा उनकी समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। खेतों से लेकर मंडियों तक किसानों को जिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, उन्हें प्रशासन और सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा।
यदि किसानों के हितों की अनदेखी की गई तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने किसानों से संगठित रहने का आह्वान करते हुए कहा कि एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और इसी के बल पर किसानों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
गुरु सिंह सभा के प्रधान गुरदीप सिंह, वरिष्ठ किसान नेता हरेंद्र बालियान और चौधरी रणबीर सिंह ने भी किसानों को संबोधित करते हुए संगठन को मजबूत बनाने तथा किसानों के अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष से किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।
इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य इंद्रजीत सिंह, प्रदीप सिंह बंगा, जसविंदर सिंह, गुरु चरण सिंह, गुरु बच्चन सिंह आदि किसान मौजूद रहे।











