
पिथौरागढ, 24 जुलाई 2026
विधायक विशन सिंह चुफाल ने ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को कम्प्यूटर शिक्षा के व्यापक प्रसार की जरूरत बताई। अटल उत्कृष्ठ राजकीय इंटर कॉलेज जौरासी में आयोजित एक समारोह में उन्होंने श्री बालकदेव फाउंडेशन ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना करते हुए स्कूल में स्थापित कम्प्यूटर लैब और पुस्तकालय का लाभ लेने की अपील की है। उन्होंने श्री बालकदेव फाउंडेशन द्वारा स्कूल में स्थापित किए गए कंप्यूटर लैब, क्यान सिस्टम, स्मार्ट क्लास और लाइब्रेरी का निरीक्षण किया और छात्र -छात्राओं से इन अधुनातन तकनीकों से लैस संसाधनों को आत्मसात करने की सलाह दी।
इंटर कॉलेज जौरासी में क्यान सिस्टम के माध्यम से बच्चों को शिक्षण कार्य कराया जा रहा है। श्री बालकदेव फाउंडेशन के अध्यक्ष शंकर सिंह भाटिया ने बताया कि सीएसआर मद से स्कूल में आधुनिकतम कम्प्यूटर लैब और पुस्तकालय स्थापित किया गया है। क्यान सिस्टम के साथ ही स्कूल में स्मार्ट क्लास बच्चों को आधुनिक तकनीक की शिक्षा प्रदान कर रहा है। उन्होंने बताया कि स्थानीय विधायक विशन सिंह चुफाल ने बच्चों के लिए कुर्सियों और स्मार्ट क्लास के लिए पांच लाख रुपए की धनराशि स्वीकृत की थी।
समारोह में मुस्कान सामाजिक उत्थान समिति के सचिव जगदीश कलौनी ने मर्म चिकित्सा के माध्यम से सामान्य और असाध्य रोगों के उपचार की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को गुड टच, बैड टच, बाल विवाह, बाल अपराध, दहेज उत्पीड़न, मोबाइल के दुरुपयोग व यौन जनित अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विस्तृत जानकारी दी।
प्रधानाचार्य आर के सिंह ने समारोह का संचालन किया। इस दौरान अभिभावक शिक्षक संघ के अध्यक्ष दीपक बोरा, प्रधान प्रतिनिधि दुर्लेख दीपक बोरा, प्रधान लीमा कुंदन सिंह भाटिया, बलवंत सिंह बोरा, जगत सिंह भाटिया आदि मौजूद थे।











