
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के देहरादून में प्रस्तावित कार्यक्रम के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने काले गुब्बारे दिखाकर ‘अमित शाह गो बैक’ के नारे लगाए। कांग्रेसियों ने अंकिता भंडारी के माता-पिता को दिल्ली में पुलिस द्वारा उठाए जाने के आरोप को लेकर भी विरोध जताया। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे कांग्रेस कार्यकर्ता नगर कांग्रेस कार्यालय में एकत्रित हुए और जौलीग्रांट एयरपोर्ट की ओर पैदल मार्च शुरू किया। हालांकि, कुछ दूरी पर ही पुलिस प्रशासन ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक भी हुई। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बस से लालतप्पड़ चौकी पहुंचाया। प्रदर्शन के दौरान मौके पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। कांग्रेस कार्यकर्ता अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय दिलाने और दुष्यंत गौतम की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से सड़कों पर उतरकर दुष्यंत गौतम की गिरफ्तारी और मामले की जांच की मांग कर रही है, लेकिन भाजपा सरकार ने उन्हें संवैधानिक पद पर बैठा दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार की इस कार्यशैली को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस प्रकार से हिटलरशाही नहीं चलने दी जाएगी। इस दौरान नगर अध्यक्ष करतार सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र सिंह भट्ट, सेवादल जिलाध्यक्ष सुनील बर्मन, उमेद बोरा, जितेंद्र कुमार, राहुल सैनी, शार्दूल नेगी, सावन राठौर, प्रवीण सैनी, बालेंद्र सजवान और भारत भूषण आदि मौजूद रहे।














