
डोईवाला, 06 नवम्बर (नवोदय टाइम्स): धनतेरस के शुभ अवसर पर नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में खरीदारों का तांता लगा रहा। लोगों ने शुभ मुहूर्त पर जमकर खरीदारी की, जिससे व्यापारी उत्साहित नजर आए। शुक्रवार को धनतेरस का पर्व उत्साहपूर्वक मनाया गया। नगर के मुख्य बाजार रेलवे रोड, देहरादून रोड, ऋषिकेश रोड और शुगर मिल रोड पर काफी संख्या में लोग खरीदारी करते नजर आए। अपराह्न से देर शाम तक बाजारों में इतनी भीड़ रही कि पैदल चलना तक मुश्किल हो गया। सबसे ज्यादा रौनक बर्तनों और आभूषण की दुकानों पर नजर आई। वही, कारोबारियों ने ग्राहकों की सुविधा के लिए अतिरिक्त सेल्समैन लगाए और नए डिजाइन के बर्तनों व गहनों की विशेष रेंज पेश की। मिठाई की दुकानों पर भी विभिन्न स्वादों की मिठाइयों ने लोगों को आकर्षित किया। गिफ्ट पैक के रूप में मिठाई खरीदने की होड़ लगी रही। धनतेरस पर परंपरा के अनुसार लोगों ने झाड़ू की खरीदारी की। वहीं, नए वाहनों की भी जमकर खरीदारी हुई।














