डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर पालिका प्रशासन ने सोमवार को डोईवाला मुख्य बाजार में फुटपाथ पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान पालिका टीम ने फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की। साथ ही फुटपाथ को पूरी तरह खाली रखने के लिए मौके पर अनाउंसमेंट कर दुकानदारों और अन्य लोगों को जागरूक किया गया। मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने बताया कि अधिशासी अधिकारी के निर्देश के क्रम में नगर के मुख्य बाजारों में फुटपाथ पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाने का अभियान सोमवार से शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि फुटपाथ को पूरी तरह खाली रखने के लिए मौके पर अनाउंसमेंट के माध्यम से लोगों को जानकारी दी गई। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में फुटपाथ पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण पाया गया तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान में सफाई निरीक्षक संकेत कुमार, सुपरवाइजर सुरेंद्र नीरज सहित पालिका कर्मचारी मौजूद रहे।











