डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। पब्लिक इंटर कॉलेज में हिन्दी दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान वाद-विवाद प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और पक्ष-विपक्ष में अपने विचार दमदार तरीके से रखे। सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के हिन्दी शिक्षकों अश्वनी गुप्ता, रत्नेश द्विवेदी और अनीता बलोदी को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। छात्रा आरूशा ने हिन्दी भाषा की महत्ता पर अपने विचार रखे। वहीं, सबा और वर्तिका ने कविता एवं देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने साहित्यकारों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उनका स्मरण किया। प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल ने कहा कि हिन्दी भावों की भाषा है। इसमें लिखा गया साहित्य भाषा को कालजयी बनाता है। हिन्दी विभागाध्यक्ष अश्वनी गुप्ता ने बताया कि हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में एक सप्ताह तक विद्यालय में विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को जोड़कर उनकी नैसर्गिक प्रतिभा को प्रोत्साहित किया जाएगा। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक आलोक जोशी, भुवनेश वर्मा, ओमप्रकाश काला, अवधेश सेमवाल, राधा गुप्ता, पूजा जोशी, सुदेश सहगल, श्यामानंद, नीलम बिष्ट, आफरीन अंसारी, चेतन प्रसाद कोठारी आदि मौजूद रहे।











