डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। अठूरवाला निवासी पूर्व सैनिक चंडी प्रसाद डोभाल का 15 अगस्त को हिमालयन अस्पताल, जौलीग्रांट में अस्वस्थता के चलते निधन हो गया। उनके निधन के बाद परिजनों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए उनका नेत्रदान कराया। उनके इस पुनीत कार्य से उनकी आंखें किसी जरूरतमंद के जीवन में नई रोशनी देने में सहायक बन सकेंगी। परिजनों की इस पहल को क्षेत्रवासियों ने प्रेरणादायी और अनुकरणीय बताया। पूर्व सैनिक चंडी प्रसाद डोभाल के निधन की सूचना से परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई। विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की। शोक व्यक्त करने वालों में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, विधायक बृजभूषण गैरोला, नरेंद्र सिंह नेगी, विक्रम सिंह नेगी, रविंद्र बेलवाल, सुंदर लोधी, सागर मनवाल, मोहित उनियाल, मनोज नौटियाल, शिव प्रसाद सेमवाल, केंद्रपाल तोपवाल आदि शामिल रहे।











