डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर पालिका प्रशासन द्वारा रविवार को विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के तहत नदी किनारे स्थित विभिन्न स्थलों से लगभग चार टन ठोस अपशिष्ट एकत्र कर निस्तारण स्थल तक पहुंचाया गया। मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में नगर पालिका क्षेत्र के उन अनाधिकृत स्थलों को चिन्हित किया गया, जहां अवैध रूप से कूड़ा डंप किया जा रहा था। चिन्हित स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में ठोस अपशिष्ट हटाया गया। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान नदी किनारे से एकत्र किए गए करीब चार टन कचरे को निस्तारण स्थल तक भेजा गया। साथ ही लोगों से अपील की गई कि घरेलू कूड़ा नगर पालिका के कूड़ा संग्रहण वाहनों को ही सौंपें तथा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकें। पालिका प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि क्षेत्र में कहीं भी अवैध रूप से कूड़ा डंप किए जाने की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल नगर पालिका को दें। इससे समय रहते सफाई सुनिश्चित कर शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में मदद मिलेगी।











