डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर हिमालयन अस्पताल, जौलीग्रांट एवं परिवर्तन चैरिटेबल ब्लड बैंक, ऋषिकेश द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में सामाजिक संस्था ‘एक मदद ब्लड ग्रुप समिति’ को रक्तदान एवं मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट एवं निस्वार्थ कार्यों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों को स्मृति चिह्न भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। चैरिटेबल ब्लड बैंक के प्रबंधक अमन ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं होता। समिति के अध्यक्ष शाकिर हुसैन ने बताया कि संस्था के स्वयंसेवकों द्वारा अब तक हजारों यूनिट रक्तदान किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि एक मदद ब्लड ग्रुप समिति पिछले कई वर्षों से क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए निस्वार्थ भाव से मानवता की सेवा कर रही है। समिति से जुड़े सदस्य 24×7 जरूरतमंद मरीजों को रक्त एवं प्लेटलेट्स उपलब्ध कराने में सहयोग करते हैं। सचिव आसिफ हसन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों, अंधविश्वास और डर को दूर करने के लिए समिति द्वारा दर्जनों रक्तदान शिविर आयोजित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान समिति के प्रत्येक रक्तदाता और स्वयंसेवक का सम्मान है, जिन्होंने रक्तदान कर अनेक लोगों को नया जीवन दिया है। साथ ही युवाओं से नियमित रक्तदान को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की। इस अवसर पर शादाब हसन, असलम खान, योगेश सिंघारी, फरहान मलिक, राहुल आदि उपस्थित रहे।











