*डोईवाला: घीसरपड़ी क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग के लिए सिंचाई नहर को किया ध्वस्त* डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। अवैध प्लाटिंग के लिए भू-माफिया किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड 14 स्थित घीसरपड़ी खत्ता में बड़े पैमाने पर कृषि भूमि पर अवैध प्लाटिंग का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि भू-माफियाओं ने खेतों को काटकर प्लॉट तैयार करने के लिए न केवल नियमों की अनदेखी की, बल्कि बीचों-बीच गुजर रही सिंचाई नहर को भी क्षतिग्रस्त कर ध्वस्त कर दिया। जानकारी के अनुसार, प्लाटिंग के दौरान नहर को तोड़ दिया गया, जिसका मलबा अब भी प्लॉटों में पड़ा हुआ है। इतना ही नहीं, खेतों के बीच पक्का रास्ता बनाने के लिए पत्थर और मलबा डालकर मार्ग तैयार किया जा रहा है। इससे न सिर्फ सिंचाई व्यवस्था बाधित हुई है, बल्कि आसपास की कृषि भूमि भी प्रभावित हो रही है। स्थानीय किसानों का कहना है कि इस अवैध गतिविधि के चलते क्षेत्र में खेती लगभग ठप होने की कगार पर पहुंच गई है। नहर टूटने से पानी की आपूर्ति बाधित हो रही है, जिससे फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। इस पूरे मामले को लेकर लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों और किसानों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने संबंधित विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) से अवैध प्लाटिंग पर रोक लगाने, नहर की मरम्मत कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और अवैध प्लाटिंग के इस खेल पर कब तक लगाम लगाई जाती है। उधर, इस संबंध में एमडीडीए के एई से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे वार्ता नहीं हो सकी।











