डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। युवा कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे गिग वर्कर न्याय अभियान के तहत उत्तराखंड युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सावन राठौर ने डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के गिग वर्कर्स से संवाद किया। इस दौरान गिग वर्कर्स की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा उन्हें युवा कांग्रेस के न्याय अभियान की जानकारी दी गई। कर्मचारियों ने कम वेतन, असुरक्षित कार्य व्यवस्था, लंबे कार्य घंटे और सामाजिक सुरक्षा के अभाव जैसी कई समस्याएं साझा कीं। बताया गया कि यह अभियान देशभर के करोड़ों गिग वर्कर्स की आवाज को मजबूती देने और उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्तर पर चलाया जा रहा है। प्रदेश महासचिव सावन राठौर ने गिग वर्कर्स को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं और अधिकारों को लेकर जल्द ही बड़ा आंदोलन किया जाएगा ताकि सरकार और संबंधित कंपनियों तक उनकी आवाज मजबूती से पहुंच सके। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस मेहनतकश युवाओं और गिग वर्कर्स के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी। इस मौके पर अनुज कनोजिया, मयंक वत्स, अर्चित गौतम आदि मौजूद रहे।











