डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण पिछले 102 दिनों से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाया है। बता दें कि न्याय पंचायत रानीपोखरी की ग्राम सभा लिस्ट्राबाद में प्रस्तावित नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की स्थापना की मांग को लेकर ग्रामीण लगातार आंदोलन कर रहे हैं। तीन माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है, जिससे लोगों में नाराजगी और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। धरनारत ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। धरना स्थल पर ग्राम प्रधान अनूप चौहान, पंकज यादव, योगीश पुण्डीर, सतीश सेमवाल, अनुज चौहान, दौलत राम, अरुण रावत, सुबोध चौहान, कृष्ण किशोर, पंकज नेगी, मीना नेगी, राजेश्वरी रावत आदि मौजूद रहे।











