डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। थाना रानीपोखरी क्षेत्र के नागाघेर में सोमवार देर रात एक पुलिसकर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में कार्बाइन से गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान हेड कांस्टेबल सुनील कुमार (49) के रूप में हुई है, जो पुलिस लाइन देहरादून में तैनात थे और वर्तमान में जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर गार्ड ड्यूटी कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 10 बजे चौकी जॉलीग्रांट के माध्यम से थाना रानीपोखरी को सूचना मिली कि हेड कांस्टेबल सुनील कुमार को गोली लगने के बाद जॉलीग्रांट अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलने पर रानीपोखरी थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को देते हुए फील्ड यूनिट और एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया।
जॉलीग्रांट अस्पताल में चिकित्सकों ने उक्त हेड कांस्टेबल को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर शव का निरीक्षण किया और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। मृतक के पुत्र तुषार ने पुलिस को बताया कि उनकी मां की तबीयत खराब होने पर उन्होंने अपने पिता को फोन किया था।
सूचना मिलने पर सुनील कुमार रात करीब 9:15 बजे ड्यूटी से घर पहुंचे। घर का गेट खटखटाने के बाद वह आंगन में जूते उतार रहे थे, तभी अचानक गिरने और गोली चलने की आवाज सुनाई दी। परिजन बाहर पहुंचे तो देखा कि सुनील कुमार जमीन पर घायल अवस्था में पड़े थे और खून बह रहा था।
इसके बाद उन्हें तत्काल जॉलीग्रांट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं और शव का पंचायतनामा भरने की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।











