डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। ऊर्जा निगम द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों के विरोध और गन्ना किसानों के बकाया भुगतान की मांग को लेकर अखिल भारतीय किसान सभा ने मंगलवार को डोईवाला तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान डोईवाला एसडीएम और गन्ना मंत्री को ज्ञापन भेजा गया।
किसान सभा के जिलाध्यक्ष दलजीत सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार और बिजली विभाग उपभोक्ताओं की मर्जी के खिलाफ जबरन स्मार्ट मीटर लगाने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि पहले से लगे डिजिटल मीटर सही रीडिंग दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह कदम कॉर्पोरेट कंपनियों को फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने चेतावनी दी कि यदि जबरदस्ती स्मार्ट मीटर लगाए गए तो जनता के साथ मिलकर उनका विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऊर्जा प्रदेश होने के बावजूद उत्तराखंड सरकार लोगों को सस्ती बिजली उपलब्ध कराने में विफल रही है।
संयुक्त किसान मोर्चा के संयोजक ताजेंद्र सिंह और सीपीआई प्रदेश सचिव राजेंद्र पुरोहित ने कहा कि गन्ना पेराई सत्र समाप्त हुए तीन माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन किसानों का पूरा भुगतान अब तक नहीं हुआ। इससे किसानों को खेती, बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरी खर्चों में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने सरकार से जल्द भुगतान कराने और खाद पर लगाई गई लिमिट हटाने की मांग की। इस दौरान बलवीर सिंह, याकूब अली, जाहिद अंजुम, करतार सिंह नेगी, अनूप कुमार पाल, सरजीत सिंह, मोहम्मद असलम, प्रेम सिंह पाल, जसवीर सिंह, राशिद अली, करनैल सिंह, रिजवान अली, प्रदीप कुमार और गुरचरण सिंह आदि रहे।











