
गौचर (चमोली), 11 सितंबर। नगर पालिका क्षेत्र गौचर में बीती रात हुई भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज बारिश के चलते पनाई में शिवालय एवं कुलदीप सिंह बिष्ट के घर के अंदर मलबा घुस गया। वहीं मुख्य बाजार की दुकानों और डाटपुल क्षेत्र में भी कई लोगों के घरों में मलबा और पानी घुसने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
लगातार बारिश से खेतों में खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। कई स्थानों पर बारिश का पानी और मलबा घरों तथा दुकानों तक पहुंच गया, जिससे लोगों में चिंता बनी हुई है।
बारिश के बाद सुबह नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी हेमंत चौहान, अवर अभियंता राजीव चौहान एवं रोशन पुंडीर ने प्रभावित वार्डों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके की स्थिति का जायजा लेने के बाद पीडब्ल्यूडी की जेसीबी तथा स्वच्छता मित्रों की मदद से मलबा हटाने का कार्य शुरू कराया।
उधर, गौचर-कांडा-सिंदरवाणी मोटर मार्ग भी जगह-जगह मलबा आने के कारण अवरुद्ध हो गया है। मार्ग बाधित होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मुख्य बाजार की सड़कों पर जलभराव से बढ़ी परेशानी
भारी बारिश के बाद मुख्य बाजार की सड़कों पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से पैदल चलने वाले लोगों के साथ स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को भी दिक्कतें उठानी पड़ीं। व्यापार संघ के अध्यक्ष राकेश लिंगवाल ने उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग को ज्ञापन सौंपकर मुख्य बाजार की सड़कों पर गड्ढों में पानी भरने की समस्या से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सड़क पर जलभराव होने से कीचड़ और गंदा पानी लोगों पर उछल रहा है, जिससे आम लोगों और स्कूली बच्चों को परेशानी हो रही है।
व्यापारियों ने संबंधित अधिकारियों से बाजार की सड़कों की शीघ्र मरम्मत और जल निकासी की समुचित व्यवस्था किए जाने की मांग की है।











