डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। हिमालयीय आयुर्वेदिक पीजी मेडिकल कॉलेज में आगामी 23 सितंबर को राष्ट्रीय स्तर पर मनाए जाने वाले 11वें आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में आयुर्वेद दिवस पखवाड़े का शुभारंभ जागरूकता रैली के साथ किया गया। शनिवार को स्वस्थवृत्त एवं योग विभाग की ओर से आयोजित रैली में संस्था के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रैली का शुभारंभ स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय के कुलसचिव अरविंद अरोड़ा एवं विभागाध्यक्ष प्रो. निशांत राय जैन ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली स्थानीय मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न नारों के उद्घोष के माध्यम से स्थानीय लोगों को आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूक किया और इसके महत्व की जानकारी दी। डॉ. निशांत राय जैन ने बताया कि 23 सितंबर तक आयुर्वेद दिवस की थीम ‘भविष्य के लिए आयुर्वेद’ पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें चिकित्सा शिविर, स्वच्छता कार्यक्रम, योग शिविर, वाद-विवाद प्रतियोगिता, आयुर्वेदिक आहार एवं व्यंजनों की प्रदर्शनी तथा पौधरोपण कार्यक्रम शामिल हैं। इस मौके पर सचिव बालकृष्ण चमोली, परिसर निदेशक प्रदीप कोठियाल, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रवि जोशी, डॉ. भाग्यलक्ष्मी, राजेश कुंवर, निशांत कुमार, नवीन पोखरियाल, मनीषा, हरीश नवानी, प्रताप सिंह नेगी, अनुज गर्ग आदि मौजूद रहे।











