डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। लेह–लद्दाख में आयोजित खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2026 में राष्ट्रीय स्तर पर आइस हॉकी में प्रतिभाग करने वाली डोईवाला निवासी 16 वर्षीय वैष्णवी कौशल को उत्तराखंड के खेल सचिव अमित सिन्हा, आईपीएस (एडीजी, उत्तराखंड पुलिस) ने सम्मानित किया। यह सम्मान वैष्णवी द्वारा आइस हॉकी में राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रदान किया गया।
गौरतलब है कि वैष्णवी कौशल उत्तराखंड की पहली खिलाड़ी बन गई हैं, जिन्होंने आइस हॉकी में राष्ट्रीय स्तर पर खेलकर इतिहास रचा है। शुक्रवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून में खेल सचिव अमित सिन्हा ने वैष्णवी के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि भले ही उन्होंने प्रतियोगिता में राजस्थान की टीम से प्रतिभाग किया हो, लेकिन उनका उत्तराखंड से होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
बता दे की वैष्णवी कौशल 11वीं कक्षा की छात्रा हैं और कम उम्र में उन्होंने वह उपलब्धि हासिल की है, जिसे पाने में खिलाड़ियों को वर्षों की मेहनत लगती है। उनकी सफलता ने प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बालिकाओं को खेलों के प्रति प्रेरित किया है।
वैष्णवी के पिता अनुराग कौशल ने बताया कि बचपन से ही वैष्णवी को खेलों में गहरी रुचि रही है और उन्होंने निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के साथ यह मुकाम हासिल किया है। वहीं वैष्णवी कौशल ने कहा कि उनका लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना और आइस हॉकी में देश का नाम रोशन करना है।
खेल सचिव अमित सिन्हा ने कहा कि वैष्णवी जैसी खिलाड़ी यह साबित करती हैं कि उत्तराखंड की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में वैष्णवी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगी।












