डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 12 राजीव नगर में सरकारी भूमि पर कब्जे के प्रयास का मामला सामने आया है। इस संबंध में स्थानीय लोगों ने डोईवाला तहसील मुख्यालय पहुंचकर एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। जानकारी के अनुसार, राजीव नगर क्षेत्र में तत्कालीन ग्राम प्रधान के कार्यकाल में तहसीलदार द्वारा लगभग 5 बीघा भूमि आवंटित की गई थी। स्थानीय निवासी भारत भूषण कौशल एवं राममूर्ति देवी ने बताया कि उक्त भूमि के एक हिस्से में बारात घर बना हुआ है, जबकि दूसरे हिस्से में मोबाइल टावर स्थापित है। बताया गया कि नगर पालिका डोईवाला के बजट से उसका सौंदर्यीकरण का कार्य प्रस्तावित है। लोगों का आरोप है कि स्थानीय सभासद पहले रास्ते का निर्माण किए बिना ही बिना पैमाइश के बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे सरकारी भूमि को नुकसान हो सकता है। वहीं, स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि उक्त भूमि पर कुछ लोग कब्जा कर चुकी है। उन्होंने डोईवाला उपजिलाधिकारी से मांग की है कि पूरे 5 बीघा भूमि की विधिवत पैमाइश कर चारों ओर सुरक्षा दीवार बनाकर सौंदर्यीकरण कराया जाए। ज्ञापन में आलोक यादव, अनुभव कुमार, अशोक पांचाल, राकेश यादव, देवेंद्र सिंह, चंदन, मेहरबान सिंह, वीरेंद्र सिंह, योगेश, संगीता, हरीश, यशपाल सिंह, गोपालचंद, शकुंतला आदि के हस्ताक्षर शामिल थे।












