लोहाजंग (देवाल)। सीमांत ब्लॉक देवाल के पर्यटन केंद्र लोहाजंग स्थित जिला पंचायत अतिथि गृह के प्रांगण में सुनंदा स्वायत्त सहकारिता, मुन्दोली की तृतीय वार्षिक आम सभा धूमधाम से संपन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान मुन्दोली श्रीमती भागीरथी देवी तथा विशिष्ट अतिथि ग्रामोत्थान परियोजना के जिला परियोजना प्रबंधक (DPM) श्री शशिकांत यादव द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर सहकारिता की बोर्ड सदस्यों ने मुख्य अतिथियों के स्वागत में सुंदर पारंपरिक सांस्कृतिक लोकगीत प्रस्तुत किए। बैठक में मुन्दोली, लोहाजंग व आसपास के विभिन्न ग्रामों से आए प्रगतिशील कृषक बलबीर दानु, कमल दानु, बीना मिश्रा, दीपा बिष्ट समेत सैकड़ों महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्य उपस्थित रहीं।
सहकारिता की अध्यक्षा श्रीमती सुशीला देवी के संबोधन के साथ बैठक की औपचारिक शुरुआत हुई, जिसमें उन्होंने मातृशक्ति के सामूहिक प्रयासों की सराहना की। इसके बाद सदन के सम्मुख वित्तीय वर्ष 2025-2026 की समस्त व्यावसायिक गतिविधियों, बिजनेस प्लान तथा आय-व्यय की लेखा रिपोर्ट (ऑडिट रिपोर्ट) प्रस्तुत की गई। कुशल वित्तीय प्रबंधन के बूते सहकारिता ने इस वर्ष ₹1,46,080 का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। इस मुनाफे की पूरी लाभांश राशि को आम सभा के दौरान ही सभी शेयरधारकों और महिला सदस्यों को मौके पर वितरित किया गया, जिससे ग्रामीण महिला उद्यमियों में भारी उत्साह देखने को मिला।
अनुभवी हाथों में फिर कमान, कार्यकारिणी गठित:
सहकारिता के सतत विकास को गति देने के लिए आम सभा में नई कार्यकारिणी (निदेशक मंडल) का सर्वसम्मति से चुनाव संपन्न कराया गया। पिछले कार्यकाल के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए सदन ने पुरानी टीम पर दोबारा भरोसा जताया। नई कार्यकारिणी में श्रीमती सुशीला देवी को अध्यक्ष, रूपा देवी को उपाध्यक्ष, कली देवी को सचिव तथा उमा देवी को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसके साथ ही नीमा देवी, कमला देवी, भवानी देवी और आनंदी देवी को बोर्ड सदस्य (BOD) मनोनीत किया गया।
अतिथिगणों ने दी विभागीय योजनाओं की जानकारी:
बैठक में उपस्थित विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार व आजीविका मजबूत करने की तकनीकी जानकारियां दीं:
• उद्यान विभाग: सचल दल प्रभारी श्रीमती बीना तिवारी ने क्षेत्र के अनुकूल किवी मिशन, एप्पल मिशन, उन्नत बीज वितरण और उद्यान कार्ड योजना की जानकारी दी।
• उत्तराखंड ग्रामीण बैंक (UGB): शाखा प्रबंधक श्री नितिन सैनी ने बैंक लिंकेज, सीसीएल (CCL), सामाजिक सुरक्षा बीमा और ऋण योजनाओं से अवगत कराया।
• एनआरएलएम: बीएमएम श्री जियाउल हसन ने आईएफसी (IFC) क्लस्टर तथा फंड रोटेशन (RF, CCL, CIF) की कार्यप्रणाली समझाई।
• ग्राम विकास: ग्राम विकास अधिकारी श्री संदीप कुमार ने स्वयं सहायता समूहों के सुचारू व पारदर्शी संचालन के नियम बताए।
• ग्रामोत्थान परियोजना: आजीविका समन्वयक श्री अर्जुन नेगी ने अत्यंत निर्धन परिवारों हेतु ‘अल्ट्रा पुअर योजना’ व सीबीओ उद्यम स्थापना पर प्रकाश डाला।
कर्मठ कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान:
क्लस्टर विकास में उत्कृष्ट योगदान के लिए अतिथियों द्वारा बुक कीपर पूनम देवी (ग्राम स्तर पर उत्कृष्ट कार्य हेतु), बीएमएम जियाउल हसन, आजीविका समन्वयक अर्जुन नेगी, उद्यान प्रभारी बीना तिवारी, बैंक प्रबंधक नितिन सैनी और पूर्व कोषाध्यक्ष किरण देवी को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। सीएलएफ के बिजनेस प्रमोटर द्वारा संचालित इस कार्यक्रम का समापन अध्यक्षा श्रीमती सुशीला देवी द्वारा सभी का आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।














