डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। माजरी ग्रांट के शेरगढ़ गांव में गुलदार की लगातार बढ़ती आवाजाही से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से जल्द प्रभावी कार्रवाई की मांग करते हुए इस गंभीर समस्या का समाधान करने की अपील की है।
बताया जा रहा है कि शेरगढ़ वार्ड नंबर 7 के रिहायशी क्षेत्र में गुलदार का मूवमेंट लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे गुलदार एक घर के आंगन से पालतू कुत्ते को उठाकर ले गया। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से क्षेत्रवासियों में दहशत व्याप्त है।
ग्रामीणों का कहना है कि शाम ढलते ही घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। ग्राम प्रधान निशा देवी और उपप्रधान गुरजीत कौर ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
बड़कोट रेंज के वन क्षेत्राधिकारी गणेश उनियाल ने बताया की माजरी ग्रांट के शेरगढ़ क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ा दी गई है। मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक की अनुमति के बिना पिंजरा (जाल) नहीं लगाया जा सकता। जनप्रतिनिधियों के प्रार्थना पत्र के आधार पर उनसे इसकी मांग की जा सकती है। उन्होंने ग्रामीण से सतर्क रहने और जंगली जानवर के रिहायशी क्षेत्र में आने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की।











