डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की ओर से नगर क्षेत्र में लंबे समय से दुकानें और व्यवसाय संचालित कर रहे छोटे दुकानदारों एवं व्यापारियों को नोटिस जारी किए जाने के विरोध में मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम उप जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया। नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में व्यापारियों की आजीविका पर पड़ रहे संभावित प्रभाव को देखते हुए कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की गई। बताया गया कि क्षेत्र में कई छोटे दुकानदार और व्यापारी करीब 30 वर्षों से अपनी दुकानें और व्यवसाय संचालित कर रहे हैं। नोटिस जारी होने से उनके सामने रोजगार और आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। इन व्यापारियों के परिवारों का भरण-पोषण भी उनकी दुकानों और व्यवसायों पर निर्भर है। ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया कि छोटे दुकानदारों और व्यापारियों की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए एमडीडीए की कार्रवाई पर रोक लगाने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने व्यापारियों के हितों की रक्षा करते हुए मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की। इस मौके पर भाजपा नेता दरपान सिंह बोरा, जिला उपाध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी, सभासद रविंद्र बेलवाल, सभासद सुरेश सैनी, विनीत राजपूत आदि मौजूद रहे।














