
देहरादून। श्री बालक देव फाउंडेशन ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष शंकर सिंह भाटिया प्रदेश के शिक्षा मंत्री श्री धन सिंह रावत से उनके आवास पर मिले। मंत्री को एक सरकारी स्कूल में डिजिटलाइजेशन की पूरी जानकारी दी। शिक्षा मंत्री को इस दूरस्थ स्थित इंटर कालेज की सारी व्यवस्थाओं के बारे में बताया।
इससे पूर्व भी शिक्षा मंत्री श्री धन सिह रावत के साथ फोन से बात हो चुकी थी। उन्हें बताया गया था कि किस तरह पलायन से पूरी तरह उजड़ने की स्थिति में पहुंच रहे अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कालेज जौरासी में श्री बालक देव फाउंडेशन ने विभिन्न विभागों से सीएसआर मद में धनराशि प्राप्त कर स्कूल में एक कंप्यूटर लैब, स्मार्ट क्लास, क्यान सिस्टम और नए पुस्तकालय भवन का निर्माण कर सरकारी स्कूल में आधुनिक सुविधाएं जुटाई गई हैं। उन्हें बताया गया कि यदि इन सभी सुविधाओं का बेहतर तरीके से संचालन नहीं हो पाएगा तो ये सब निरर्थक हो जाएंगे। इसलिए इसके संचालन को बेहतर करने के लिए जमीनी स्तर पर काम करने की जरूरत है।
शिक्षा मंत्री ने आश्वासन दिया कि वह जल्दी ही अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कालेज जौरासी आकर सभी व्यवस्थाओं को देखेंगे। इसे बेहतर करने का प्रयास करेंगे। मंत्री महोदय को बताया गया कि यह खराब होती जा रही सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए प्रदेश में एक मॉडल बन सकता है। इस मॉडल को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है।
इस दौरान उन्हें इन समस्त कार्यों का विस्तार से बताने वाली एक बुकलेट भी भेंट की गई। इस दौरान शिक्षा मंत्री के निजी सचिव मनोज पटवाल और उनसे मिलने आए बहुत सारे लोग मौजूद थे।










