डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना): नगर क्षेत्र के कान्हरवाला निवासी युवा खिलाड़ी आदित्य रावत ने सब जूनियर राष्ट्रीय स्तरीय नौकायन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने जोड़ीदार सिद्धार्थ के साथ प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीत लिया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। गोल्ड मेडल जीतकर घर लौटने पर स्थानीय विधायक बृजभूषण गैरोला और समाजसेवी राजन गोयल ने उनका माल्यार्पण कर उत्साहवर्धन किया। इस दौरान विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि आदित्य ने अपनी मेहनत और लगन से न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे डोईवाला और उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। ऐसे होनहार खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए हरसंभव प्रोत्साहन और सहयोग दिया जाएगा। समाजसेवी राजन गोयल ने कहा कि आदित्य की इस उपलब्धि से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। इस अवसर पर देवेंद्र समल्टी, विक्रम सिंह नेगी, अमरजीत सिंह नेगी, शैलेंद्र नेगी आदि थे।











