कमल बिष्ट/उत्तराखण्ड समाचार।
कोटद्वार। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज कण्वघाटी में नए शैक्षणिक सत्र के स्वागत हेतु ‘प्रवेशोत्सव’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ० गीता रावत शाह असिस्टेंट प्रोफेसर, समाजशास्त्र, राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ० गीता रावत शाह ने छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि, “शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक सभ्य समाज के निर्माण का सशक्त आधार है। विद्यार्थियों को अनुशासित रहकर अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहना चाहिए।” अपने संबोधन के पश्चात डॉ० शाह ने किशोरवय की छात्राओं के लिए एक विशेष काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया। इस सत्र में उन्होंने छात्राओं को किशोरावस्था के दौरान होने वाले शारीरिक व मानसिक परिवर्तनों, आत्मविश्वास बनाए रखने और करियर संबंधी चुनौतियों के बारे में विस्तार से समझाया। विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील कुमार ने नवागंतुक छात्रों का अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, कार्यक्रम समन्वयक कविता बिष्ट रावत ने अभिभावकों के साथ विद्यालय की गौरवशाली परंपरा और मेधावी छात्रों की सफलता की कहानियाँ साझा कीं। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि, “जब शिक्षक, छात्र और अभिभावक की यह ‘त्रयो’ (Trio) एक साथ मिलकर प्रयास करती है, तभी शिक्षा का आधार वास्तव में सुदृढ़ होता है।” उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। स्वागत की परंपरा को निभाते हुए विद्यालय परिवार ने नए छात्र- छात्राओं को हल्दी का तिलक लगाया और उन्हें उपहार स्वरूप कॉपी, पेन, टॉफी व चॉकलेट भेंट की। समारोह का सफल मंच संचालन रोशन बलूनी द्वारा किया गया। कार्यक्रम को भव्य बनाने में मंजू नेगी, आर.एम. ध्यानी, कुलदीप नेगी, के.के. शर्मा, रघुवीर गुसाईं, अमृतपाल सिंह एवं अनिल अग्रवाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।












