हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट।
थराली। कर्णप्रयाग एवं थराली विधानसभा क्षेत्र में अब तक बाढ़ सुरक्षा के तहत 5 योजनाओं के निर्माण के लिए करीब 18 करोड़ 75 लाख रूपयों की स्वीकृति मिली हैं, जबकि 5 नहरों के नव निर्माण के लिए करीब 2 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिली हैं। सिंचाई खंड थराली के अधिशासी अभियंता प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि थराली खंड के अंतर्गत थराली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत थराली विकास खंड में डाडरबगड़ में बाढ़ सुरक्षा के तहत 3 करोड़ 50 लाख व रामलीला मैदान थराली के लिए 4 करोड़ कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आद्रीबद्री के लिए 1 करोड़ 25 लाख, रामगंगा के लिए 6 करोड़ एवं शिशु मंदिर कर्णप्रयाग के लिए 4 करोड़ रूपयों की स्वीकृति सरकार के द्वारा दी गई हैं। ईई श्रीवास्तव ने बताया कि बाढ़ सुरक्षा के अलावा नारायणबगड़ विकास खंड में मींग व बेडुला नहरों के पुनर्निर्माण एवं कर्णप्रयाग विकास खंड कर्णप्रयाग के अंतर्गत नौटी, कल्याणी व डुंग्री की नहरों के पुनर्निर्माण की भी सरकार ने स्वीकृत दी हैं। जल्द ही स्वीकृति कार्यों के लिए निविदा आमंत्रित कर कार्य शुरू कर दिए जाएंगे। बताया कि बाढ़ सुरक्षा के तहत अन्य कई योजनाओं को टीएससी ने स्वीकृत प्रदान कर दी हैं, जल्द ही इन स्वीकृति योजनाओं पर भी धनराशि जारी होने की संभावना हैं।












