डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। राजकीय प्राथमिक विद्यालय, मिस्सरवाला कला में शिक्षा विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई निःशुल्क नोटबुक का वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 01 से 05 तक अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को सभासद प्रतिनिधि प्रकाश कोठारी द्वारा निःशुल्क नोटबुक वितरित की गईं। नोटबुक प्राप्त होने पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं में काफी उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर प्रकाश कोठारी ने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ-साथ आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को यदि शिक्षा से जुड़ी आवश्यक सामग्री समय पर उपलब्ध हो, तो उन्हें पढ़ाई में काफी मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि सरकार एवं शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों के हित में चलाई जा रही योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र बच्चे तक पहुंचना चाहिए। बच्चे देश का भविष्य हैं और उनकी शिक्षा एवं उनके सर्वांगीण विकास के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने चाहिए। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जयविंदर कुमार, अध्यापक अजेश कुमार धीमन, सहायक अध्यापिका सुनीता रावत, सीमा देवी, सुमन देवी, ममता आदि थे।










