डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर नगर के पब्लिक इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक और अपने विचारों के माध्यम से पृथ्वी को हरा भरा बनाए रखने का संदेश दिया। बुधवार को विद्यालय के भगत सिंह सदन के विद्यार्थियों ने लघु नाटिका प्रस्तुत कर प्रकृति के हो रहे विनाश पर चिंता व्यक्त करते हुए जागरूकता का संदेश दिया। छात्र वरदान थापा और भूमि गुरुंग ने कहा कि यदि प्राकृतिक संसाधनों का अंधाधुंध दोहन नहीं रोका गया, तो भविष्य में स्थिति भयावह हो सकती है। प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल ने कहा कि विश्व पृथ्वी दिवस हमें प्रकृति संरक्षण का संदेश देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि दैनिक जीवन में इको-फ्रेंडली आदतें अपनाकर और प्लास्टिक का कम से कम उपयोग कर हम पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। सदन प्रभारी तेजवीर सिंह ने कहा कि यह दिन हमें याद दिलाता है कि प्रकृति को हरा-भरा रखकर ही हम अपने जीवन को प्रदूषण मुक्त बना सकते हैं। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक अश्वनी गुप्ता, अवधेश सेमवाल, सुदेश सहगल, साक्षी सुंदरियाल, पूजा जोशी, चारू वर्मा, मोनिका, राधा गुप्ता, श्यामानंद, राजीव कंडवाल, अर्चना पाल, चेतन प्रसाद कोठारी, मयंक शर्मा आदि उपस्थित रहे।











