डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर छात्रों ने लच्छीवाला नेचर पार्क परिसर में वृक्षारोपण अभियान चलाकर पृथ्वी को हरा-भरा बनाने का संदेश दिया। बुधवार को देहरादून स्थित एक विश्वविद्यालय के इको क्लब के छात्र-छात्राओं ने लच्छीवाला नेचर पार्क में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल की। इस दौरान 100 से अधिक पौधे रोपे गए, जिनमें फलदार और फूलों वाले पौधे शामिल रहे। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संतुलन बनाए रखना, हरियाली को बढ़ावा देना तथा आने वाली पीढ़ियों को प्रकृति के प्रति जागरूक करना रहा।
वन क्षेत्राधिकारी मेधावी कीर्ति ने विश्व पृथ्वी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को अधिक से अधिक वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यदि युवा प्रकृति संरक्षण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएं, तो भविष्य में पर्यावरण को सुरक्षित और समृद्ध बनाया जा सकता है।











