डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। रास्ता भटककर घर से दूर निकली करीब चार वर्षीय बालिका को डोईवाला पुलिस ने एक घंटे के भीतर तलाश कर उसके परिजनों से मिला दिया। बालिका के मिलने पर परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया। बुधवार को जौलीग्रांट पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में एक बालिका अकेली घूमती मिली। उम्र कम होने के कारण बालिका अपने घर और परिजनों के संबंध में पुलिस को कोई जानकारी नहीं दे पा रही थी। इसके बाद पुलिस ने बालिका के परिजनों की तलाश शुरू की और स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय करते हुए उसके फोटो को विभिन्न माध्यमों से प्रसारित किया। पुलिस टीम के प्रयासों से बालिका के पिता की पहचान ग्राम बढ़नपुरवा, थाना पढ़वा, जिला लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश निवासी के रूप में हुई। वर्तमान में वह छह नंबर चौक, आठूरवाला, जौलीग्रांट में रह रहे हैं। चौकी प्रभारी चिंतामणि मैठानी ने बताया कि परिजनों से संपर्क कर बालिका को उनके सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, बालिका खेलते-खेलते रास्ता भटक गई थी और घर से दूर निकल आई थी। बालिका के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।











