डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। मारखम ग्रांट के बुल्लावाला, झबरावाला, माजरी ग्रांट, चांदमारी सहित डोईवाला खंड के कई क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से अत्यधिक विद्युत रोस्टिंग और लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। इस संबंध में कांग्रेस सेवा दल के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार बर्मन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने लच्छीवाला स्थित उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। बताया गया कि क्षेत्र में बार-बार बिजली बाधित हो रही है और पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिल रहा है। इससे क्षेत्रवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिलाध्यक्ष सुनील कुमार बर्मन ने कहा कि यदि किसी अपरिहार्य कारण से रोस्टिंग करनी भी है तो वह विभाग द्वारा निर्धारित नियमों और रोस्टिंग शेड्यूल के अनुसार पूर्व सूचना के साथ की जानी चाहिए। उन्होंने क्षेत्र में लंबे समय से बनी हुई लो-वोल्टेज की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो कांग्रेस सेवा दल आंदोलन के लिए बाध्य होगा।











