डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। लर्निंग एरा इंटरनेशनल स्कूल की ओर से मंगलवार को कुड़कावाला स्थित एसएसबी कैंप में रक्षाबंधन पर्व मनाया गया। इस दौरान विद्यालय की नन्ही-मुन्नी बालिकाओं ने जवानों की कलाइयों पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके प्रति सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता व्यक्त की। बच्चों के इस स्नेहपूर्ण आयोजन से एसएसबी जवान भी भावुक नजर आए। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा, राष्ट्रसेवा और नागरिकों की रक्षा के लिए समर्पित जवानों के प्रति समाज सदैव कृतज्ञ रहेगा। रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक ही नहीं, बल्कि देश की रक्षा में जुटे जवानों के प्रति सम्मान, अपनत्व और विश्वास की भावना को मजबूत करने वाला पर्व भी है। इस अवसर पर नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, कमल गोला, वीना गोला, आशिमा, अजय रावत, दरपान बोरा, उपनिरीक्षक विनोद कुमार, सतीश कुमार, कुशाल सिंह, विजय तोमर आदि मौजूद रहे।











