डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। क्षेत्रीय विधायक बृजभूषण गैरोला ने बुधवार को डोईवाला तहसील मुख्यालय स्थित आपदा नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नियंत्रण कक्ष की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा नियंत्रण कक्ष का 24×7 पूर्ण सक्रियता के साथ संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को मौसम, वर्षा, नदी के जलस्तर तथा अन्य संभावित आपदा संबंधी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जा सकें। विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि सभी संचार माध्यम हर समय सुचारु रूप से कार्यशील रहें तथा प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना और शिकायत का तत्काल पंजीकरण कर समयबद्ध कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि बरसात के मौसम में सतर्क रहें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचित करें। इस दौरान एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल आदि मौजूद थी।











