हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट।
थराली/देवाल।
प्रस्तावित श्री नंदादेवी बड़ी जात को लेकर विकासखंड मुख्यालय देवाल में एक संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिलाधिकारी चमोली से यथाशीघ्र देवाल में प्रशासन, जनप्रतिनिधियों,पड़ाव अध्यक्षों की एक संयुक्त बैठक आयोजन किए जाने, देवाल ब्लाक में बड़ी जात का भव्य स्वागत करने, 7 अगस्त को पुनः देवाल ब्लाक प्रमुख की अध्यक्षता में एक भव्य बैठक का आयोजन किए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया।
मंगलवार को ब्लाक सभागार देवाल में श्री नंदा देवी बड़ी जात को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सर्वसम्मति से देवाल के प्रमुख तेजपाल रावत को बैठक की अध्यक्षता सौंपी गई। बैठक में महावीर बिष्ट ने कहा कि 2014 में आयोजित राजजात में ही 2026 में राजजात के आयोजन की घोषणा की गई थी, उन्होंने कहा कि अभी भी वक्त है कि नौटी एवं कुरूड़ समितियों को साथ बिठा कर सर्वसम्मति बनाई जाएं। पुष्कर सिंह बिष्ट ने 2026 में प्रस्तावित बड़ी जात का भव्य स्वागत किए जाने का प्रस्ताव रखा। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह रावत ने कहा कि 1987 से पूर्व 12 वर्ष में आयोजित होने वाली को बड़ी जात ही कहा जाता रहा है,1987 के बाद ही बड़ी जात को राजजात का नाम दिया गया। लखन रावत ने 2026 की बड़ी जात का समर्थन करते हुए कहा कि बसंत पंचमी को नौटी एवं सिद्धपीठ कुरूड़ में यात्रा का दिन बार निकाला गया, दोनों ही स्थानों पर 4 सितंबर को ही यात्रा का दिन निकला था, किंतु अचानक 2027 में राजजात आयोजित किए जाना समझ से परे हैं। केडी मिश्रा ने ग्वालदम-नंदकेशरी-वांण-तपोवन मोटर सड़क को लोनिवि से बीआरओ को सौंपने की मांग की,देवाल के पूर्व प्रधान नरेंद्र बिष्ट ने बड़ी जात के दौरान हैली सेवा व स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाने, गणेश मिश्रा ने नंदा भगवती का महत्व कम करने के प्रयासों की आलोचना की। व्यापार संघ अध्यक्ष चंद्र सिंह रावत ने यात्रा के दौरान देवाल बाजार में शौचालय की व्यवस्था किए जाने की मांग की देवाल के ब्लाक प्रमुख तेजपाल रावत ने कहा कि सबसे अधिक पड़ाव देवाल में पड़ते हैं, यात्रा का दबाव भी देवाल ब्लाक पर ही अधिक पड़ता उन्होंने पूरे विकासखंड के नंदादेवी भक्तों से यात्रा की तैयारियों में जुटने की अपील की। उन्होंने यात्रा मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों की स्थानीय आधार पर निरीक्षण करने की अपील की।इस बैठक में छोटी जात यात्रा को राजकीय यात्रा घोषित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। इस मौके पर डॉ कृपाल भंडारी,सचिन परिहार,जय सिंह नेगी, क्षेपंस रमेश गड़िया, प्रदीप दानू, मनोज कुमार, मोहन राणा, प्रकाश चन्द्र, दर्शन बिष्ट, गोविंद सोनी, धर्मेंद्र बिष्ट, महिपाल बिष्ट आदि ने विचार व्यक्त किए।
——-
बैठक में शुक्रवार 7 अगस्त को देवाल ब्लाक सभागार में ब्लाक प्रमुख तेजपाल रावत की अध्यक्षता में देवाल के पंचायत प्रतिनिधियों,पड़ाव समितियों की बैठक का निर्णय लिया गया बैठक में कहा गया कि इस बैठक में नंदा देवी बड़ी जात समिति कुरूड़ एवं नंदा राजजात समिति नौटी को भी आमंत्रित किया जाए।इस बैठक के प्रचार-प्रसार के लिए नरेंद्र बिष्ट,लखन रावत, पुष्कर सिंह बिष्ट,खिलाप बिष्ट, पुष्कर फर्स्वाण, रमेश गड़िया, सुरेंद्र रावत,महावीर बिष्ट व प्रकाश मिश्रा को जिम्मेदारी सौंपी गई।











